वो कौन थी : सीक्वल (अध्याय 1 : वह अजनबी साधु)

इस कहानी के सभी पात्र और घटनाएँ काल्पनिक हैं |
यदि किसी व्यक्ति या घटना से इसका सम्बन्ध पाया जाता है तो इसको मात्र एक संयोग कहा जाएगा |

अध्याय 1 : वह अजनबी साधु

बात उन दिनों की है जब मैं एम.टेक. प्रथम वर्ष का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ मेरी पहली नौकरी भी लग चुकी थी। रोज़ मुझे बुलंदशहर से जहाँगीराबाद तक मोटरसाइकिल से लगभग आधे घंटे का सफ़र तय करना पड़ता था। बस से यही दूरी तय करने में तीन घंटे तक लग जाते, इसलिए मोटरसाइकिल ही मेरा सबसे भरोसेमंद साथी बन गई थी।

नौकरी नई थी, लेकिन कुछ ही महीनों में उसका उत्साह रोज़मर्रा की दिनचर्या में बदल गया। कॉलेज में कई बार ऐसा होता कि छात्र गिने-चुने ही आते। वरिष्ठ अध्यापक अपने-अपने कार्यों में व्यस्त रहते और मैं घंटों खाली बैठा रहता। यह मेरी पहली नौकरी थी, इसलिए समय तो कट जाता था, लेकिन मन कहीं नहीं लगता था। पढ़ाई भी चल रही थी, नौकरी भी, फिर भी भीतर एक अजीब-सी बेचैनी घर करने लगी थी। अक्सर यही सोचता—"आख़िर ज़िंदगी में करना क्या है?"

जब भी मन बहुत बोझिल हो जाता, मैं अकेले निकल पड़ता। मेरा पसंदीदा रास्ता था—नए पुल से अखाड़ा रामघाट श्मशान के किनारे-किनारे बहती काली नदी के साथ-साथ चलना। उस रास्ते की शांति मुझे हमेशा अपनी ओर खींचती थी।

अखाड़ा श्मशान से कुछ ही दूरी पर था। उस समय वह काफ़ी जर्जर अवस्था में था। कहीं टूटी हुई दीवारें, कहीं घास उगी हुई, कहीं पुराने समय की खंडित पत्थर की मूर्तियाँ और इधर-उधर खेलते बच्चे। सुना था कि लगभग सौ-डेढ़ सौ वर्ष पहले यह अखाड़ा बहुत प्रसिद्ध हुआ करता था। आज उसका वैभव केवल खंडहरों में दिखाई देता था।

उस दिन मेरा मित्र अंकित भी साथ नहीं था। उसकी मासिक परीक्षाएँ चल रही थीं। मैं अकेला ही नदी के किनारे-किनारे चलता रहा। लगभग बीस मिनट बाद नदी का रास्ता मुड़ता हुआ भवन देवी मंदिर की ओर निकल आता था। आगे पंजाबी कॉलोनी, खेत और फिर आवास विकास की बस्ती शुरू हो जाती थी।

मंदिर सामने दिखाई दिया तो मन में विचार आया कि दर्शन कर ही लिए जाएँ।

जेब से अपना पुराना नोकिया 5130 निकाला। समय देखा—लगभग तीन बजे थे। कुछ संदेश भी आए हुए थे। उस समय एंड्रॉयड फोन का इतना चलन नहीं था।

सीढ़ियाँ चढ़कर मैं मंदिर परिसर में पहुँचा। मुख्य मंदिर के पट अभी बंद थे। मैं शिव मंदिर की ओर गया और फिर मंदिर के पीछे बने अपेक्षाकृत सुनसान हिस्से में यूँ ही टहलने लगा।

अचानक मुझे महसूस हुआ जैसे कोई मुझे देख रहा हो।

मैंने पलटकर देखा।

कुछ ही दूरी पर एक बूढ़ा आदमी खड़ा था। मैले-कुचैले कपड़े, उलझे हुए सफ़ेद बाल, गहरी धँसी हुई आँखें और चेहरे पर ऐसा भाव जिसे समझ पाना आसान नहीं था। वह मुझे लगातार देखे जा रहा था।

स्वभाव से मैं अनजान लोगों से भी सहजता से बात कर लेता था। मैंने मुस्कुराकर कहा—

"राम-राम, चाचा।"

मेरी आवाज़ सुनकर उसने कोई उत्तर नहीं दिया। वह बस मेरी ओर बढ़ा और बिना कुछ पूछे मेरे माथे को घूरने लगा।

मैं थोड़ा असहज हो गया।

"क्या हुआ? ऐसे क्यों देख रहे हैं?" मैंने पूछा।

वह अचानक बुदबुदाने लगा। उसकी आवाज़ इतनी धीमी थी कि शब्द साफ़ सुनाई नहीं दे रहे थे।

मुझे लगा शायद वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। मैं वहाँ से लौटने के लिए पीछे की पत्थर की सीढ़ियों की ओर बढ़ गया।

तभी उसके शब्द स्पष्ट सुनाई दिए—

"उसने तुझको खोज लिया है..."

मेरे कदम अनायास रुक गए।

"वो तुझको पा कर ही रहेगी..."

मैंने पीछे मुड़कर देखा।

वह अब भी वहीं खड़ा था, लेकिन उसकी नज़रें अब भी सीधे मेरी आँखों में थीं।

एक पल के लिए मेरे शरीर में अजीब-सी सिहरन दौड़ गई।

मैंने सिर झटक दिया।

"कोई पागल होगा..."

अपने मन को समझाते हुए मैं तेज़ी से मंदिर से बाहर निकल आया।

उस घटना को मैंने वहीं भूल जाना चाहा। अगले कुछ दिनों तक कॉलेज, पढ़ाई और नौकरी की भागदौड़ फिर पहले जैसी चलती रही।

इन्हीं दिनों मैंने समय बिताने के लिए अपने यूट्यूब चैनल पर स्वास्थ्य से जुड़े छोटे-छोटे वीडियो बनाना भी शुरू कर दिया था। परीक्षा भी नज़दीक थी, इसलिए कई बार मैं कॉलेज से थोड़ा पहले निकल आता, ताकि रास्ते में कुछ पढ़ाई भी कर सकूँ।

फिर एक दिन...

कालेज जाते समय एक स्कूटी और बाइक का  एक्सीडेंट हुआ ..  बाइक सवार तो भाग गया और कुछ भीड़ सी भी लग गयी थी | 

हमेशा की तरह एक दिनस्वभाव वश (अब कैसे भी समझ लो) मैंने अपनी मोटर-साइकल रोकी और उनके पास गया। स्कूटी सड़क के बीचों-बीच तिरछी पड़ी थी और पीछे से आने वाले वाहन तेज़ी से निकल रहे थे। सबसे पहले मैंने स्कूटी को किनारे लगाया ताकि कोई दूसरा हादसा न हो।

"बहन जी, ज़्यादा चोट तो नहीं लगी?" मैंने पूछा।

गोरी लड़की अपने हाथ की कोहनी पकड़कर बैठ गई थी। वहाँ हल्का-सा खून निकल आया था। दूसरी लड़की, जो सांवली थी, शायद ज़्यादा घबरा गई थी। वह बार-बार अपनी सहेली से पूछ रही थी, "कुछ टूटा तो नहीं?"

"नहीं... शायद नहीं..." गोरी लड़की ने दर्द सहते हुए कहा, "बस अचानक स्कूटी उछल गई।"

मैंने सामने पड़े स्पीड ब्रेकर की तरफ इशारा करते हुए कहा, "यहीं सबके साथ यही होता है। ऊपर से निशान भी नहीं हैं।"

उसी समय दो-तीन और लोग रुक गए। किसी ने पानी की बोतल दे दी। मैंने अपने बैग से फर्स्ट-एड का छोटा-सा पैकेट निकाला, जो बाइक पर हमेशा रहता था। रुई और एंटीसेप्टिक से उसकी कोहनी साफ़ की।

"अब ठीक है?" मैंने पूछा।

वह हल्की मुस्कान के साथ बोली, "जी... धन्यवाद। अगर आप नहीं रुकते तो पता नहीं कब तक यहीं पड़े रहते।"

मैंने हँसते हुए कहा, "कोई बात नहीं। इंसान ही इंसान के काम आता है।"

इतने में मेरी नज़र पहली बार उसके चेहरे पर ठीक से पड़ी। जाने क्यों मुझे लगा जैसे मैंने इसे कहीं देखा है। पर कहाँ? कॉलेज में? रास्ते में? या सिर्फ़ भ्रम था?

उसने भी शायद मुझे गौर से देखा, मगर कुछ बोली नहीं।

"आप लोग कहाँ जा रही थीं?" मैंने बातचीत बढ़ाने के लिए पूछा।

"जहाँगीराबाद..." सांवली लड़की ने जवाब दिया, "कोचिंग से लौट रहे थे।"

मैं चौंका। मेरा भी रोज़ का वही रास्ता था।

"अच्छा! मैं भी उसी तरफ जा रहा हूँ। अगर स्कूटी स्टार्ट हो जाए तो आराम से धीरे-धीरे निकल जाना।"

मैंने स्कूटी का स्विच ऑन किया। सेल्फ दबाते ही इंजन चल पड़ा। शायद गिरने से सिर्फ़ बैलेंस बिगड़ा था।

दोनों ने राहत की साँस ली।

"धन्यवाद... आपका नाम?" गोरी लड़की ने पूछा।

मैंने अपना नाम बताया।

उसने क्षणभर मेरी ओर देखा और बोली, "मेरा नाम..."

वह अपना नाम बताने ही वाली थी कि अचानक मेरे मोबाइल की घंटी बज उठी।

स्क्रीन पर कॉलेज के एच.ओ.डी. का नाम चमक रहा था।

मैंने फोन उठाया।

"कहाँ पहुँचे? आज एक ज़रूरी काम था।"

"सर... रास्ते में एक एक्सीडेंट हो गया था। बस पाँच मिनट में निकल रहा हूँ।"

फोन रखते ही मैंने देखा कि दोनों लड़कियाँ हेलमेट पहन चुकी थीं।

"एक बार अस्पताल दिखा लेना," मैंने सलाह दी।

"जी, ज़रूर।"

उन्होंने हाथ जोड़कर धन्यवाद कहा और स्कूटी धीरे-धीरे आगे बढ़ा दी।

मैं भी अपनी बाइक स्टार्ट करके कॉलेज की ओर चल पड़ा।

लेकिन न जाने क्यों, पूरे रास्ते मेरे कानों में मंदिर वाले उस अजनबी के शब्द गूँजते रहे—

"उसने तुझको खोज लिया है... वो तुझको पा कर ही रहेगी..."

मैंने सिर झटककर उस बात को मन से निकालने की कोशिश की। अपने आप से बोला, "बेकार की बातें हैं... एक पागल आदमी की बकवास।"

पर उस दिन के बाद जो घटनाएँ शुरू हुईं, उन्होंने मुझे कई बार यह सोचने पर मजबूर किया कि क्या वह सिर्फ़ संयोग था... या वास्तव में किसी अनदेखी कहानी की शुरुआत हो चुकी थी।



No comments:

Post a Comment